- बेलपोसी नाला के पास भटके हाथी, धान की फसल को भारी नुकसान का अंदेशा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह बेलपोसी गांव के दरोगा पुलिया के पास लगभग 45 हाथियों के विशाल झुंड के देखे जाने से पूरे इलाके में खौफ फैल गया। सुबह 8 बजे से ही हाथियों की चिहाड़ और चिंघाड़ की आवाज़ें पूरे क्षेत्र में गूंजती रहीं, जिससे ग्रामीणों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया। बताया जा रहा है कि इस विशाल झुंड में कई छोटे हाथी भी शामिल हैं। झुंड तीन भागों में बंटकर गांवों और खेतों की ओर बढ़ रहा है, जिससे किसानों में फसल नुकसान को लेकर चिंता बढ़ गई है। धान की फसल रौंदे जाने से किसानों को भारी आर्थिक क्षति होने की आशंका है। अनुमान है कि सुरक्षित रास्ता न मिलने के कारण हाथी बेलपोसी नाला के पास फंसकर लगातार भटक रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो फ्लाईओवर निर्माण के कारण ट्रैफिक रूट में बड़ा बदलाव, 25 नवंबर से लागू आदेश
जंगली हाथियों का गांवों में बढ़ता प्रवेश और सुरक्षा उपाय
हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही बेलपोसी, बनकाटी, जैंतगढ़, मनिकपुर, पदमपुर, देवगांव सहित आसपास के कई गांवों के हजारों लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीण और वन विभाग के कर्मचारी मिलकर पटाखे फोड़ने, टीन और ढोल बजाने जैसे तरीकों से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह झुंड पिछले एक सप्ताह से भोजन की तलाश में गांवों के आसपास मंडरा रहा है। ग्रामीणों में यह भय बना हुआ है कि झुंड कभी भी सीधे आबादी की ओर रुख कर सकता है। इसी डर से लोग रातभर जागकर फसलों और अपने घरों की सुरक्षा में जुटे हुए हैं। वन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और बिना जरूरी भीड़ न लगाने की अपील की है।
























