- अवैध हथियार, लंबित कांड और फरार अभियुक्तों पर सख्त अभियान चलाने का निर्देश
- लंबित कांडों के निष्पादन और अपराध मुक्त थाना क्षेत्र बनाने पर जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पियुष पांडेय ने गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष सहित सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों के साथ मासिक क्राइम मीटिंग की। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने और ड्रग्स पैडलर्स के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। एसएसपी ने कहा कि हर थाना क्षेत्र में ऐसे लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए भी विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में लंबे समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन हो और वारंटियों तथा दागदार व्यक्तियों के खिलाफ बिना देरी कठोर कार्रवाई की जाए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : भुइयांडीह अतिक्रमण हटाने पर बवाल : टूटे 60 मकान, दुलाल भुइयां के नेतृत्व में सड़क जाम
ड्रग्स और अवैध हथियार के खिलाफ कड़े कदम—थानों को मिली सख्त हिदायत
एसएसपी ने कहा कि थाना क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने के लिए सभी थाना प्रभारी जिम्मेदारी के साथ काम करें और आम जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में वारंट और कुर्की के शीघ्र निष्पादन, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन में तेजी, फरार अभियुक्तों पर कार्रवाई, तथा सिटीजन पोर्टल, जेओएफएस और सीसीटीएनएस के बेहतर संचालन जैसे विषयों पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी थानों द्वारा की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाएगी और लापरवाही पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
























