- चैंबर उपाध्यक्ष ने हेमंत सोरेन से की अपील, शीघ्र हो एयरपोर्ट का निर्माण और नामकरण
- औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में एयरपोर्ट की अनुपलब्धता से ठहरा विकास
- एयरपोर्ट निर्माण से खुलेंगे नए निवेश के रास्ते, विकसित झारखंड की नई दिशा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (कोल्हान) विजय आनंद मूनका ने राज्य के माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को पत्र लिखकर धालभूमगढ़ में प्रस्तावित एयरपोर्ट के शीघ्र निर्माण की मांग की है। इसके साथ ही मूनका ने यह भी आग्रह किया है कि इस प्रस्तावित हवाई अड्डे का नामकरण ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखा जाए। मूनका ने अपने पत्र में कहा है कि यह झारखंड और कोल्हान वासियों की तरफ से दिशोम गुरु शिबू सोरेन को एक सच्ची और सही मायने में श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस महत्वपूर्ण परियोजना को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है, जिसका शिलान्यास 2018-19 में हुआ था लेकिन अभी तक इसपर आगे कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। मूनका ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में आपके द्वारा इस मुद्दे पर आगे बढ़कर कार्य करने से एयरपोर्ट निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : लिली फ़ाउंडेशन का 22वाँ वार्षिक एडकॉन समारोह 2025: शिक्षा, सेवा और संवेदना का भव्य उत्सव
जमशेदपुर के विकास के लिए एयरपोर्ट अत्यंत आवश्यक
कोल्हान उपाध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने इस बात पर जोर दिया कि जमशेदपुर, जिसे देश में स्टील सिटी और झारखंड राज्य की आर्थिक राजधानी एवं औद्योगिक नगरी के नाम से जाना जाता है, उसे स्थापित हुए 100 वर्ष से अधिक हो चुके हैं। इसके बावजूद, शहर का समग्र विकास एयरपोर्ट की अनुपलब्धता के कारण लगभग ठहर सा गया है। जमशेदपुर और इसके आसपास हजारों की संख्या में बड़े, मध्यम और लघु उद्योग स्थापित हैं, लेकिन हवाई अड्डे के अभाव में औद्योगिक विकास और नए निवेश के रास्ते बंद हैं। मूनका ने बताया कि एयरपोर्ट की कमी के कारण यहां आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को अपनी पढ़ाई के लिए, मरीजों को इलाज हेतु और आम जनता को हवाई यात्रा के लिए रांची या कोलकाता जाकर हवाई जहाज पकड़नी पड़ती है, जिससे उन्हें काफी परेशानी और समय की बर्बादी झेलनी पड़ती है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : HCL/ICC की मनमानी के खिलाफ JMM का बड़ा आंदोलन, 3 दिसंबर से मुसाबनी प्लांट गेट जाम
हवाई यात्रा के लिए लोगों को जाना पड़ता है रांची या कोलकाता
विजय आनंद मूनका ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को याद दिलाया कि आप जैसे ऊर्जावान एवं राज्य के विकास के प्रति सोच रखने वाले मुख्यमंत्री के द्वारा जमशेदपुर या इसके आसपास एयरपोर्ट निर्माण के मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई करने से इसके निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य की आर्थिक राजधानी के लिए एक वरदान साबित होगी, जिससे न केवल नए निवेश के रास्ते खुलेंगे बल्कि यह विकसित झारखंड राज्य के लिए भी एक नई दशा और दिशा तय करेगा। मूनका ने विश्वास जताया कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का नाम ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखने से स्थानीय लोगों की भावनाएं भी जुड़ी रहेंगी और यह कोल्हान क्षेत्र की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा।
























