- स्थानीय निवासियों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर जताई नाराज़गी, 10 दिसंबर तक समाधान नहीं तो धरने की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के परदेसी पाड़ा में टाटा लीज एरिया की कथित अतिक्रमित जमीन पर मस्जिद निर्माण को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को स्थानीय निवासियों ने एक बैठक कर इस मुद्दे पर गंभीर रूप से चर्चा की। बैठक में पहुंचे जमशेदपुर पश्चिमी विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने बताया कि मस्जिद का निर्माण पहले भी कई बार रोका गया था, परंतु हाल के दिनों में यह कार्य दोबारा तेज़ी से शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि यह जमीन टाटा लीज एरिया में आती है और स्थानीय लोगों द्वारा 28 नवंबर को उपायुक्त, एसडीओ, सोनारी थाना और टाटा लैंड डिपार्टमेंट को इसकी सूचना देने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से निवासियों में नाराज़गी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में चोरी की वारदातें जारी, धतकीडीह से घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी
स्थानीयों का दावा—अतिक्रमण की शिकायतों पर भी प्रशासन मौन
स्थानीय निवासियों ने बैठक में बताया कि मस्जिद में आसपास की तुलना में अधिक संख्या में लोग नमाज के लिए पहुंचते हैं, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर कई तरह की आशंकाएं उत्पन्न हो रही हैं। निवासियों ने यह भी कहा कि प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आने वाले लोगों की पहचान और स्थानीयता स्पष्ट हो, ताकि किसी भी प्रकार की गलतफहमी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि टाटा लैंड डिपार्टमेंट के अधिकारी इस मामले में अपेक्षित संवेदनशीलता के साथ प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं, जिसके कारण निर्माण कार्य लगातार जारी है।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में गिट्टी लदा हाइवा सड़क पर धू-धूकर जला, शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा कारण
चिंताओं के समाधान के लिए प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग तेज
मुकुल मिश्रा ने बताया कि यदि 10 दिसंबर तक प्रशासन इस मुद्दे पर ठोस कदम नहीं उठाता है, तो स्थानीय निवासी परदेसी पाड़ा स्थित वीर मंच अखाड़ा के प्रांगण में एक दिवसीय धरना आयोजित करेंगे, ताकि संबंधित विभाग स्थिति का संज्ञान लें। उन्होंने कहा कि निवासियों का उद्देश्य तनाव पैदा करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जमीन, सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर स्पष्टता और कार्रवाई सुनिश्चित करना है। बैठक में अरुण तिवारी, विनोद प्रसाद, दिनेश पांडे, अशोक जायसवाल, विजय कुमार, बलराम ठाकुर, अजय अग्रवाल, विनोद सिंह, रविशंकर सिंह, सुरेंद्र सिंह, उत्तम कुमार, अशोक सिन्हा, मुकेश साहू, नरेश सिंह सहित अनेक लोग मौजूद थे।

























