- परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
- पुलिस ने दिए जांच के आश्वासन, पर तनाव बरकरार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई के श्यामनगर में पिछले चार दिनों से लापता 24 वर्षीय युवक प्रदीप साहू का शव गुरुवार सुबह स्वर्णरेखा नदी के छठ घाट के पास संदिग्ध स्थिति में मिला। शव मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में स्थल पर जुट गए। लोगों ने इस घटना को हत्या बताया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। देखते ही देखते भीड़ ने प्रदीप का शव उठाकर उलीडीह थाना के पास मुख्य सड़क पर रख दिया और सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण संकोसाई रोड नंबर 1 और आजादनगर जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन ठप हो गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो में बड़ा हादसा : बिजली विभाग की लापरवाही से मजदूर करंट की चपेट में, हालत गंभीर
शव मिलने के बाद बढ़ा तनाव, भीड़ ने सड़क पर लगाया जाम
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि संकोसाई रोड नंबर 1 के किनारे नदी तट हर शाम नशा करने वालों का अड्डा बना रहता है, जहां असामाजिक तत्वों की भीड़ लगती है। इसके कारण मोहल्ले में लंबे समय से असुरक्षा फैली हुई है। लोगों का कहना है कि पुलिस ने इस क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की जरूरत होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रदीप के परिजनों ने भी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रदीप रविवार शाम से लापता था, लेकिन शिकायत के बावजूद उसकी तलाश में तेजी नहीं दिखाई गई। इससे संदेह और गहरा गया कि उसकी मौत सामान्य नहीं है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : ईचागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा : ट्रैक्टर पलटने से तीन बच्चों के पिता ठाकुर मांझी की मौत
परिजनों ने जांच में लापरवाही का लगाया आरोप
इधर पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जांच कर रही है कि प्रदीप की मौत दुर्घटना, नशे से जुड़े किसी विवाद या किसी अन्य कारण से हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों पर स्पष्टता आएगी। थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारी परिजनों और स्थानीय निवासियों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शाम के समय नदी घाट क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और नशा करने वालों पर अभियान चलाने की बात भी कही गई। आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, लेकिन इलाके में तनाव अभी भी बना हुआ है और लोग शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
























