- मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी—आने वाले दिनों में और गिरेगा तापमान
- अगले चार दिन और कड़ाके की ठंड, मौसम विभाग ने दी सावधानी की सलाह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झारखंड में सर्दी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार दोपहर एक बजे मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के पांच जिलों—डालटनगंज, बोकारो, खूंटी, लातेहार और गुमला—का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। इनमें गुमला सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.9°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 29.4°C दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण राज्य में तापमान लगातार गिर रहा है। रांची, जमशेदपुर और सरायकेला जैसे प्रमुख जिलों में भी तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई है, जिससे सुबह और रात में ठंड का असर और बढ़ गया है।
इसे भी पढ़ें : Gua : झारखंड मजदूर संघर्ष संघ की विशेष बैठक, लंबित मांगों पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
ठंडी हवाओं ने बढ़ाई सर्दी, कई जिलों में गिरा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले चार दिन भी सर्द रहेंगे और न्यूनतम तापमान 8–10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पांच दिसंबर को अधिकतम 24°C और न्यूनतम 8°C, छह दिसंबर को अधिकतम 23°C और न्यूनतम 8°C तापमान रहने का पूर्वानुमान है। वहीं सात दिसंबर को 24°C अधिकतम और 9°C न्यूनतम, तथा आठ दिसंबर को अधिकतम 24°C और न्यूनतम 10°C तक तापमान रहने की संभावना है। विभाग ने नागरिकों को सुबह-शाम सावधानी बरतने, गर्म कपड़ों का प्रयोग बढ़ाने और विशेष रूप से बच्चों व बुजुर्गों को ठंड से बचाने की सलाह दी है। ठंड बढ़ने से रांची, जमशेदपुर, खूंटी और सरायकेला सहित कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

























