- कापड़िया चौक से हिजली भूरसान तक बनेगी 1.905 किमी सड़क, डुंगरी शिव मंदिर को मिलेगा पर्यटन बढ़ावा
- डुंगरी शिव मंदिर को पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में अहम कदम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती के प्रयासों से मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत स्वीकृत महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य का रविवार को भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। कापड़िया चौक से डुंगरी शिव मंदिर होते हुए हिजली भूरसान तक बनने वाली यह सड़क स्थानीय लोगों के हाथों नारियल फोड़वाकर शुरू की गई, जो जनता के प्रति विधायक के आत्मीय जुड़ाव को दर्शाता है। लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से गोयल एंटरप्राइज द्वारा निर्मित होने वाली इस 1.905 किलोमीटर लंबी सड़क से क्षेत्र के आवागमन में महत्वपूर्ण सुधार की उम्मीद है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : जननायक कुनु बाबू की विरासत को सलाम : पाथरा चौक पर आदमकद प्रतिमा का पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने किया अनावरण
क्षेत्रीय जुड़ाव के साथ हुआ सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ
शिलान्यास के दौरान विधायक समीर कुमार मोहंती ने संवेदक को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता वाला होना चाहिए और ग्रामीणों को किसी प्रकार की शिकायत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि डुंगरी शिव मंदिर को भविष्य में एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, ऐसे में यह सड़क क्षेत्रीय विकास का मुख्य आधार बनेगी। कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, गुरुचरण मांडी, मुन्ना होता, मुखिया पानसोरी हांसदा, सुमित माईती, बिशु ओझा, अरुण बारिक, मदन मन्ना, विनायक बेरा, तपन आचार्य, मिलन ओझा, बुद्धदेव साहू, जादूपति राणा समेत भारी संख्या में लोग शामिल हुए।
























