- राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 10 गावों के बुजुर्गों को मिली राहत, सहायक उपकरण पाकर खिले चेहरे
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका प्रखंड के रसूनचोपा पंचायत भवन में मंगलवार को एक भावुक और खुशहाल माहौल देखने को मिला, जब राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) द्वारा 10 गांवों के 78 बुजुर्गों को व्हीलचेयर, स्टिक, सपोर्ट बेल्ट, घुटने का बेल्ट और कान की मशीन सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। उपकरण पाते ही कई बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे और कुछ की आंखें खुशी से नम हो गईं। बताया गया कि 18 नवंबर को आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में बुजुर्गों की जरूरतों का आकलन किया गया था, जिसके आधार पर ALIMCO टीम ने उपकरण उपलब्ध कराए। इस कार्यक्रम में मुखिया सिमती सरदार, अलीमको के किशन रजक, प्रशांत महतो सहित कई ग्रामीण व पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आजादनगर पुलिस ने 27 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ नाबालिग समेत दो आरोपी दबोचे
ग्रामीण क्षेत्रों में वयोश्री योजना बदल रही बुजुर्गों की जिंदगी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखिया सिमती सरदार ने कहा कि कई बुजुर्ग आर्थिक तंगी के कारण सहायक उपकरण नहीं खरीद पाते, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि गांव के ऐसे जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि व्हीलचेयर, स्टिक और सपोर्ट बेल्ट जैसे उपकरण मिलने से अब बुजुर्गों को चलने-फिरने में काफी सहूलियत होगी, जिससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। ग्रामीणों ने मुखिया की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
























