- काशीडीह दुर्गा पूजा मैदान में श्रमिकों को अधिकारों और सुरक्षा सुविधाओं की दी गई जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर बुधवार को डालसा सचिव धर्मेंद्र कुमार के निर्देश पर काशीडीह दुर्गा पूजा मैदान के पास श्रमिकों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मजदूरों को उनके बुनियादी अधिकारों, कार्यस्थल पर मिलने वाली सुरक्षा-सुविधाओं और शिकायत निवारण तंत्र के बारे में जानकारी देना था। वक्ताओं ने बताया कि मानवाधिकार केवल कानून तक सीमित नहीं, बल्कि यह सुरक्षित कार्यस्थल, उचित वेतन, समान अवसर, विश्राम का अधिकार और सामाजिक सुरक्षा जैसी दैनिक जरूरतों से जुड़े हैं। कई श्रमिक अनभिज्ञता के कारण उपलब्ध सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पाते, इसलिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उपायुक्त की अध्यक्षता में कारा सुरक्षा की गहन समीक्षा, जेल परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश
पोस्टर प्रदर्शन, संवाद सत्र और परामर्श के माध्यम से दिया जागरूकता संदेश

कार्यक्रम के दौरान पोस्टर प्रदर्शन, परामर्श सत्र और खुला संवाद आयोजित किया गया, जिसमें श्रमिकों ने अपने अनुभव और समस्याएँ साझा कीं। अधिकारियों ने बताया कि मानवाधिकार दिवस मनाने का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है जब मजदूर अपने अधिकारों को पहचानें और उनके संरक्षण के लिए सशक्त बनें। कार्यक्रम का समापन श्रमिकों के हित में ऐसे जागरूकता अभियानों को लगातार जारी रखने के संकल्प के साथ किया गया। मौके पर डालसा की ओर से पीएलवी संजय कुमार तिवारी, जोबा रानी बास्के और आशीष प्रजापति उपस्थित थे। उन्होंने मजदूरों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी दी।
























