- गुहियापाल पंचायत के बांकदह गांव में परिजनों के पशुओं की फोटो दिखाकर ऋण निकालने का आरोप
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा प्रखंड की गुहियापाल पंचायत के बांकदह गांव में पशु ऋण योजना को लेकर गंभीर धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। गांव निवासी द्विजेन राउत ने आरोप लगाया है कि गुड़ाबन्दा के विजोलिया हिमांशु बेरा और मनोहर सिंह नामक दो एजेंटों ने उन्हें ऋण दिलाने का आश्वासन देकर पहले उनसे फॉर्म भरवाया और फिर उनके ही घर के पशुओं की तस्वीरें खींचीं। पीड़ित का आरोप है कि दोनों एजेंटों ने इन्हीं तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए बैंक से पूरी ऋण राशि निकाल ली और रकम को हड़प लिया। आरोप के अनुसार, द्विजेन राउत को अब तक एक रुपये की भी प्राप्ति नहीं हुई है। मामले की शिकायत पर बुधवार को उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को उपायुक्त (DC) के नाम एक ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित
सीपीआई(एम) की एंट्री, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
मामले को गंभीरता तब मिली जब पीड़ित द्विजेन राउत ने अपनी शिकायत सीपीआई(एम) पार्टी कार्यालय में दर्ज कराई। पार्टी ने इसे गरीब किसानों और ग्रामीणों के साथ गंभीर धोखाधड़ी बताते हुए इसका विरोध शुरू कर दिया। राज्य सदस्य स्वपन कुमार महतो और अंचल सचिव चित्त रंजन महतो तत्काल पीड़ित को लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचे और बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की त्वरित जांच की जाए तथा दोषी एजेंटों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी आंदोलन करने पर भी विचार करेगी। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर नाराजगी व्याप्त है और लोग प्रशासन से ठोस कदम की अपेक्षा कर रहे हैं।
























