- उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में मादक पदार्थों की रोकथाम
- तस्करी और अवैध बिक्री पर कड़ी निगरानी का रोडमैप तैयार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर, डीएसपी भोला प्रसाद, ड्रग्स इंस्पेक्टर सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा की गई तथा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और सेवन को रोकने के लिए चल रहे अभियानों का आकलन किया गया। उपायुक्त ने सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों के 100 मीटर दायरे में नशापान की वस्तुओं की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों से बच्चों को बचाने के लिए विद्यालय स्तर पर जागरूकता अभियान आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : पशु ऋण योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा : एजेंटों पर पूरी राशि हड़पने का आरोप, पीड़ित ने डीसी के नाम सौंपा ज्ञापन
ठेला-गुमटी पर नशे की बिक्री रोकने और युवाओं में जागरूकता फैलाने पर जोर
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिले में नशा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सघन अभियान और सामुदायिक सहभागिता जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि ठेला-गुमटी पर सिगरेट और अन्य नशे की वस्तुओं की बिक्री को हतोत्साहित किया जाए और स्कूल-कॉलेज के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे इंटेलिजेंस तंत्र को मजबूत करें और कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति न करें। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क की जांच की जाए तथा ड्रग पेडलर के चेन के तह तक पहुँचा जाए। इसके साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए नियमित जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी बल दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित
विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने और आम जनता से सूचना देने की अपील
बैठक में पुलिस, उत्पाद विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निकाय और ड्रग्स इंस्पेक्टर के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर सहमति व्यक्त की गई। अधिकारियों ने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तभी संभव है, जब सभी विभाग एक साझा रणनीति के तहत कार्य करें। बैठक में आम जनता से अपील की गई कि वे ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन या परिवहन की किसी भी सूचना को तुरंत टोल-फ्री नंबर 112 या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 पर दें। यह भी आश्वस्त किया गया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। बैठक में स्कूलों और कॉलेजों में नशा-विरोधी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष छापेमारी करने की रणनीति भी तय की गई।
























