- मुक्ति पोखर के पास सड़क हादसे में राजू पूरती की दर्दनाक मौत, तकनीकी जांच जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला थाना क्षेत्र के बिरसा चौक के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जिलिंगबुरु गांव निवासी 35 वर्षीय राजू पूरती के रूप में हुई है। वह मंगलवार शाम मुर्गा खरीदने के लिए अपनी बाइक (JH05 BF-2665) से सरायकेला आए थे और रात में घर लौटते समय यह हादसा हुआ। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ जब राजू पूरती सड़क किनारे अंधेरे में खड़े एक ब्रेकडाउन हाइवा (JH05 DD-7503) से जा टकराए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा के पीछे न तो रेडियन लगाया गया था और न ही कोई चेतावनी संकेतक, जिससे अंधेरे में राजू पूरती को वाहन दिखाई नहीं दिया। उन्हें गंभीर चोटें आईं और जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा की मदद से उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Baharaogoda : मोधाबेड़ा मध्य विद्यालय में केवल 2 शिक्षक, 100 छात्रों के भविष्य पर खतरा
पुलिस ने लिया मामला में लिया संज्ञान, तकनीकी जांच से खुलेगा हादसे का असली कारण
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी। जिप अध्यक्ष बोदरा ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर चेतावनी संकेतक न लगाने को जिला परिवहन विभाग की गंभीर लापरवाही बताया और जिम्मेदारी तय करने की मांग की। शुरुआती जांच में हाइवा चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर चिंता व्याप्त है और प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की अपील की जा रही है।
























