- गलत तरीके से बैक कर रहे ट्रक ने बढ़ाया खतरा, युवक घायल
- लोगों में बढ़ा आक्रोश, निर्माण कार्य की सुरक्षा पर कड़े कदम की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मानगो में बुधवार की रात फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर एक बार फिर लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया। मानगो दायगुट्टू निवासी अंकित कुमार साकची से अपने घर लौट रहे थे, तभी स्मार्ट बाज़ार के पास एक माल ढोने वाला ट्रक गलत तरीके से बैक कर रहा था। बैकिंग के दौरान ट्रक स्ट्रीट लाइट के तार में फँस गया और जैसे ही ड्राइवर ने वाहन को आगे बढ़ाया, पूरा पोल अचानक गिरकर अंकित के सिर और हाथ पर आ पड़ा। हादसे में अंकित को हल्की चोटें आईं। मौके पर मौजूद सुपरवाइजर से जब अंकित ने सेफ्टी इंजीनियर के बारे में पूछा तो पता चला कि साइट पर कोई सेफ्टी इंजीनियर मौजूद नहीं था, जिससे निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीर कमी उजागर हो गई।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : काशीदा महिला कॉलेज में ग्रेजुएशन डे : छात्राओं ने नए सपनों की उड़ान भरी
साइट पर नहीं मिला सेफ्टी इंजीनियर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अंकित को शिकायत दर्ज कराने के लिए थाना ले गई। वहीं दूसरी ओर, हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और नाराज़ भीड़ ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी। लगातार हो रही लापरवाही से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, क्योंकि यह पहला मामला नहीं है जब निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी से जान जोखिम में पड़ी हो। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों को और सख्त नहीं किया गया, तो किसी दिन यह लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
























