- नीमडीह थाना क्षेत्र के चातरमा गांव में हाथी को बचाने के लिए वन विभाग और ग्रामीणों का संयुक्त प्रयास
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल वन क्षेत्र के अंतर्गत नीमडीह थाना क्षेत्र के चातरमा गांव की जंगल-तराई में एक जंगली ट्रस्कर हाथी दलदल में फँस गया है। बताया जा रहा है कि यह हाथी पिछले कुछ दिनों से बीमार और कमजोर था, जिसका उपचार वन विभाग की टीम द्वारा पहले से किया जा रहा था। अत्यधिक भूख, कमजोरी और निर्जलीकरण के कारण हाथी पास के धान के खेत की कीचड़ में गिर पड़ा और फिर उठ नहीं सका। आज सुबह खेत में हाथी को तड़पते देख ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना चांडिल वन क्षेत्र के पदाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। फिलहाल हाथी जीवित है, लेकिन उसकी स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उलीडीह ओपी प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर निलंबित, अवैध मादक पदार्थ मामलों में बड़ी कार्रवाई
दलदल में फँसे जंगली जानवरों को बचाने की चुनौती
वन विभाग की टीम स्थानीय पशु चिकित्सकों और ग्रामीणों के सहयोग से हाथी को बचाने में जुटी हुई है। हाथी को उठाने के लिए सभी आवश्यक संसाधन लगाए जा रहे हैं और उसे प्राथमिक उपचार भी दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, हाथी को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की पूरी कोशिश की जा रही है। गौरतलब है कि चांडिल वन क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से हाथियों के झुंड की आवाजाही बढ़ी है, जिससे फसलों को नुकसान और मानव-हाथी संघर्ष की कई घटनाएँ सामने आई हैं। पिछले माह भी इसी क्षेत्र में एक घायल हाथी का करीब चार दिनों तक इलाज किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार हाथी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन दलदल में फँसने के बाद उसकी ताकत पूरी तरह खत्म हो चुकी थी।
























