- आजादनगर थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर से जुड़ा सनसनीखेज मामला
- परिजनों ने आरोपी को मौके पर पकड़ा, इलाके में मचा हड़कंप
- जांच में सामने आए विरोधाभास, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही पड़ताल
- मेडिकल जांच और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
आजादनगर थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर सिटी इन होटल के समीप स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में 30 वर्षीय मूकबधिर युवती के साथ दुष्कर्म का गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता के परिजनों ने मुख्य आरोपी को मौके पर ही रंगेहाथ पकड़ लिया और तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया है कि आरोपी अमित कुमार ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में देखरेख का कार्य करता है। पीड़िता रोजमर्रा के कार्यों के तहत परिसर में पानी भरने और गोबर लाने जाया करती थी। घटना वाले दिन भी वह इसी काम से निकली थी, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटी। जब युवती का कोई पता नहीं चला तो परिजन उसकी तलाश में कंपनी परिसर पहुंचे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : न्यू ग्वाला बस्ती में धारदार हथियार से हमला, दो भाई गंभीर घायल
मुंह दबाकर जबरदस्ती करने का आरोप, हाथापाई में आरोपी घायल
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि जब वे ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि आरोपी अमित कुमार युवती का मुंह दबाकर उसके साथ जबरदस्ती कर रहा था। यह दृश्य देखकर परिजनों ने शोर मचाया और आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी और परिजनों के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें अमित कुमार की आंख के नीचे गंभीर चोट आई। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। इसके बाद परिजनों ने आरोपी को पकड़कर आजादनगर थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के एक सहयोगी को भी हिरासत में लिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
इसे भी पढ़ें : Gua : बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन निर्माण में देरी और घटिया निर्माण से यात्रियों में रोष
हंगामे के बीच पुलिस को सौंपा गया आरोपी
मामले को लेकर आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ विरोधाभासी तथ्य सामने आए हैं। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि घटना से पहले पीड़िता का भाई और आरोपी साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। पीड़िता के भाई का कहना है कि शराब पीने के बाद वह घर चला गया था। वहीं आरोपी का दावा है कि पीड़िता गोबर लेने कंपनी परिसर आई थी और उसने उसे वहां आने से मना किया, जिसके बाद पीड़िता के भाई ने उस पर हमला कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण और बयान की प्रक्रिया कानून के अनुसार कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
























