- मानगो–साकची–आजादनगर के अपराधियों ने रची थी योजना, कई नामजद आरोपी फरार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र के हारूडीह गांव स्थित स्वर्णरेखा नदी के किनारे मुर्गापाड़ा में हुए हिस्ट्रीशीटर अपराधी विजय तिर्की (42) हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा थी, जिसकी साजिश मानगो, साकची और आजादनगर के अपराधियों ने मिलकर रची थी। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में मानगो इलाके से जुड़े शूटरों ने अहम भूमिका निभाई। मृतक की पत्नी शिवानी तिर्की के बयान पर चांडिल थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें कई कुख्यात अपराधियों के नाम शामिल हैं। इस हत्याकांड ने इलाके में दहशत फैला दी थी और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव बढ़ गया था, जिसे अब जांच के बाद पूरा किया गया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : अटलजी के व्यक्तित्व में सरलता, संवेदनशीलता और नेतृत्व का अद्भुत समन्वय – सरयू राय
स्वर्णरेखा नदी किनारे बढ़ते अपराध, पुलिस के लिए चुनौती
एफआईआर के अनुसार, साकची निवासी लगड़ा आजाद, वारिश कॉलोनी का मोनू उर्फ मोहम्मद शाहनवाज, आजाद बस्ती के डाबर और तारीक, कपाली का कलीम, रड़गांव का छोटू लंगड़ा उर्फ अफसर आलम तथा चौड़ा का राजू उर्फ अब्दुल अंसारी को आरोपी बनाया गया है। लगड़ा आजाद को पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का करीबी बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि 6 अप्रैल 2023 को मानगो चेपापुल के पास लगड़ा आजाद को गोली मारी गई थी, जिसमें विजय तिर्की की भूमिका होने का शक था। इसी घटना का बदला लेने के लिए पूरी साजिश रची गई। योजना के तहत डाबर ने आर्थिक मदद की जिम्मेदारी ली, जबकि अन्य आरोपियों ने शूटरों की व्यवस्था की।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : NH-18 पर मौत का तांडव, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
मानगो चेपापुल गोलीकांड : पुराना विवाद बना हत्या की वजह
साजिश के तहत मोनू उर्फ शाहनवाज विजय तिर्की को बहाने से मुर्गापाड़ा लेकर गया, जहां पहले से घात लगाए शूटर भीड़ में मौजूद थे। मौका मिलते ही कलीम, तारीक और एक अन्य आरोपी ने विजय तिर्की पर गोलियां चला दीं। वारदात के दौरान शाहनवाज आसपास रहकर रेकी कर रहा था, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। भागने के दौरान तारीक के चेहरे से बंधा गमछा खुल गया, जिससे उसकी पहचान हो गई और इसी सुराग से पुलिस ने पूरे हत्याकांड की कड़ियां जोड़ीं। थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ ने बताया कि सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
























