- छोटी बहन ने देखा भाई को फंदे पर लटका
- पुलिस जांच में जुटी, कारणों का पता लगाया जा रहा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा कुर्मी टोला में सोमवार को 17 वर्षीय छात्र अंकित लोहार ने फांसी लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। अंकित श्यामा प्रसाद स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था। घटना के समय घर में केवल उसकी 7 वर्षीय छोटी बहन मौजूद थी, जबकि मां मोना लोहार काम पर गई हुई थी। छोटी बहन ने देखा कि अंकित कमरे में फंदे से लटका हुआ है। उसने तुरंत शोर मचाया और पड़ोसियों तथा मां को फोन पर सूचना दी। ग्रामीण और रिश्तेदार मिलकर अंकित को सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद मां भी अस्पताल पहुंची, लेकिन बेटे की मौत की खबर सुनकर वह बदहवास हो गई।
इसे भी पढ़ें : Potka : ढेंगमा हाट से मासूम की चोरी के बाद 14 घंटे में पुलिस ने बरामद कर परिजनों को सौंपा
परसुडीह में छात्र की मौत से क्षेत्र में शोक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसआई ज्ञान भूषण तिग्गा ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अंकित के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में केवल मां, अंकित और उसकी छोटी बहन हैं। इस घटना से परिवार और पड़ोसियों में गहरा शोक है। बच्चे ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है।
























