- कोवाली थाना क्षेत्र के जुड़ी पहाड़ी के पास बुधवार सुबह हुआ दर्दनाक हादसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना कोवाली थाना क्षेत्र के जुड़ी पहाड़ी के समीप सुबह करीब 5 बजे की है, जब घर की ओर पैदल लौट रहे व्यक्ति को एक अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। मृतक की पहचान जुड़ी पहाड़ी निवासी होरी हंसदा (45) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
इसे भी पढ़ें : Silli : स्कूल परिसर में घुसा लकड़बग्घा, छात्रों में दहशत, गांव में अफरा-तफरी
मृतक के दामाद राम चंद्र महतो ने बताया कि होरी हंसदा उन्हें बुधवार सुबह पैदल ही हल्दीपोखर छोड़ने गए थे। वहां से घर लौटने के दौरान ही यह हादसा हुआ। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों के अनुसार मृतक एक किसान थे और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके सात बच्चे हैं, जिनके सामने अब आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है।
























