- उलीडीह थाना क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-1 में चोरी की सनसनीखेज वारदात
- स्थानीय लोगों ने की पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-1 स्थित ललिता परशुराम डेंटल क्लिनिक में मंगलवार देर रात चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई। दो अज्ञात चोर क्लिनिक के पीछे के गेट के पास दीवार तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे टीवी व लैपटॉप को चुरा लिया। चोरी के दौरान आसपास के लोगों की हलचल और सतर्कता के कारण स्थिति बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्लिनिक के पीछे संदिग्ध गतिविधि नजर आते ही लोगों ने शोर मचाया। इसी दौरान एक चोर चोरी का सामान लेकर बाहर निकला, लेकिन घबराहट में वह तेजी से भाग नहीं सका। स्थानीय लोगों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मकर संक्रांति पर कुणाल षाड़ंगी की पहल, 100 रिक्शा चालकों को वस्त्र भेंट कर किया सम्मानित
शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग परेशान
घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथी की तलाश में जुट गई है। क्लिनिक संचालक ने पुलिस को चोरी गए सामान की पूरी जानकारी दे दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह की घटनाओं से भय का माहौल बन रहा है और लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर पूरे चोरी गिरोह का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
























