- सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, नक्सली संगठन को झटका
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : सारंडा के बहदा–कुमडीह गांव के जंगल में 22 जनवरी की सुबह हुई भीषण मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये का इनामी कुख्यात नक्सली पतिराम मांझी उर्फ अनल दा ढेर हो गया। मुठभेड़ में उसके साथ कुल 14 और नक्सली मारे गए, जिनके शव मुठभेड़ स्थल से बरामद किए गए। अनल दा नक्सली संगठन का शीर्ष नेता और अनुभवी रणनीतिकार था। वह झारखंड के गिरिडीह जिले का निवासी था और पिछले दो दशकों से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था। गिरिडीह, बोकारो, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में हुए कई हमलों में उसकी संलिप्तता रही है।
इसे भी पढ़ें : Potka : राखा माइन्स में भव्य टुसू मेला आयोजित, संस्कृति और परंपरा का दिखा रंग
सारंडा में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों पर किया बड़ा हमला
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार अनल दा पर आईईडी विस्फोट, लेवी वसूली, विकास कार्यों में बाधा और सुरक्षाबलों पर हमले जैसे दर्जनों संगीन मामले दर्ज थे। 22 जनवरी की सुबह सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर सारंडा जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू की, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में अनल दा समेत कुल 15 नक्सली मारे गए। सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी उपलब्धि मान रही हैं। अनल दा के ढेर होने से सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क को भारी झटका लगना तय है।
























