Share

Jamshedpur : जमशेदपुर में हथियार के साथ लूट की योजना बना रहे दो अपराधी गिरफ्तार

  • कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस की छापेमारी, दो आरोपी फरार
  • गुप्त सूचना पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : पुलिस ने बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। यह कार्रवाई 22 जनवरी की रात कदमा थाना क्षेत्र में की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी कदमा फार्म एरिया रोड नंबर–04 के आसपास हथियार के साथ घूम रहे हैं और लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी शुरू की। इसी दौरान कदमा फार्म एरिया स्टाफ क्वार्टर के पास 3 से 4 संदिग्ध युवकों को देखा गया, जो पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो अपराधियों को धर दबोचा, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए।

इसे भी पढ़ें : Gua : रेल सिविल डिफेंस कार्यालय में धूमधाम से मनाई गई नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती

देसी हथियार और जिंदा कारतूस बरामद

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान राहुल भगत उर्फ छोटा लाल और ऋतिक सोय के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान राहुल भगत के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया, वहीं ऋतिक सोय के पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस मिले। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी मिलकर लूटपाट की योजना बना रहे थे। गौरतलब है कि एक दिन पहले 21 जनवरी की रात इसी इलाके में लूट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसको लेकर कदमा थाना में पहले से मामला दर्ज है। पुलिस ने अवैध हथियार रखने और अपराध की साजिश रचने को लेकर भी अलग से केस दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों के खिलाफ पहले से लूट, चोरी और गृहभेदन के कई मामले दर्ज हैं, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Ghatsila : घाटशिला कॉलेज में सीट कटौती के विरोध को मिला मूलनिवासी संघ का समर्थन

दो दिन में समाधान नहीं हुआ तो भूख हड़ताल की चेतावनी छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरा झारखंडी भाषा भाषी

  • दो दिन में समाधान नहीं हुआ तो भूख हड़ताल की चेतावनी
  • छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरा झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ
  • हजारों विद्यार्थियों के शिक्षा अधिकार पर पड़ सकता है असर
  • छात्रों के समर्थन में आंदोलन तेज करने की तैयारी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

घाटशिला : घाटशिला महाविद्यालय में विभिन्न विषयों की सीटों में की गई कटौती के विरोध में छात्र-छात्राओं द्वारा 5 अगस्त से चल रहे धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल को गुरुवार को झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ का समर्थन मिल गया। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उन्हें समर्थन पत्र सौंपा और उनकी मांगों को जायज बताया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय के प्राचार्य आर.के. चौधरी से मुलाकात कर सीट कटौती के संबंध में वस्तुस्थिति की जानकारी ली। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संजय बेहरा ने कहा कि पहले विद्यालयों को विलय के नाम पर कमजोर किया गया और अब सरकारी महाविद्यालयों की सीटें घटाकर निजी शिक्षण संस्थानों को बढ़ावा देने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को उद्योग की तरह संचालित करने की कोशिश की जा रही है, जिसका सीधा नुकसान गरीब और ग्रामीण छात्रों को उठाना पड़ रहा है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedur : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश

सरकारी महाविद्यालयों की सीटें घटाने पर जताई नाराजगी

संघ के केंद्रीय प्रवक्ता रामचन्द्र सोरेन ने आरोप लगाया कि पूरे झारखंड में सरकारी महाविद्यालयों की सीटें कम कर निजी संस्थानों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों को जिम्मेदार ठहराया। जिला अध्यक्ष आनन्द हेम्ब्रम ने कहा कि घाटशिला अनुमंडल का यह एकमात्र सरकारी महाविद्यालय है, जहां ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों के हजारों छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए नामांकन कराते हैं। ऐसे में विषयवार सीटों में कटौती से विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और कई छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने राज्य के शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से तत्काल हस्तक्षेप कर इस समस्या का समाधान निकालने की मांग की।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोविंदपुर में जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने चलाया बृहद स्वच्छता अभियान

दो दिनों में निर्णय नहीं हुआ तो संघ भी करेगा भूख हड़ताल

आनन्द हेम्ब्रम ने चेतावनी दी कि यदि अगले दो दिनों के भीतर सीट कटौती के मुद्दे पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ के पदाधिकारी भी छात्रों के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर संगठन पीछे नहीं हटेगा और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा। इस दौरान केंद्रीय सचिव सुनील माद्री, जिला अध्यक्ष आनन्द हेम्ब्रम, रवि मुखी सहित संघ के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सीट कटौती का निर्णय वापस लेने और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने की मांग की।

Jamshedur : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश

स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जागरूकता रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों को सिखाए स्वच्छता

  • स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जागरूकता रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक
  • नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों को सिखाए स्वच्छता के संस्कार
  • स्वच्छता की शपथ लेकर देश को स्वच्छ बनाने का लिया संकल्प

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा प्रांगण में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. इला कुमार के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत स्वच्छता पखवाड़ा के छठे दिन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेविकाओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा कैंपस से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए बागुनहातु चौराहे तक पहुंची। इस दौरान छात्राओं ने स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। रैली के बाद बागुनहातु चौराहे पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छता के महत्व और गंदगी से होने वाली समस्याओं के बारे में लोगों को जानकारी दी गई।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोविंदपुर में जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने चलाया बृहद स्वच्छता अभियान

स्कूली बच्चों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे चरण में एनएसएस स्वयंसेविकाएं राजकीय सरना उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बागुनहातु पहुंचीं। यहां छात्राओं ने स्कूली बच्चों के सामने स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बच्चों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और गंदगी से होने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। स्वयंसेविकाओं ने बच्चों को बताया कि एक जिम्मेदार नागरिक और छात्र के रूप में वे किस प्रकार अपने घर, विद्यालय और मोहल्ले को स्वच्छ रखने में योगदान दे सकते हैं। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और स्वच्छता से जुड़ी कई जानकारियां प्राप्त कीं।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पंचायत स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाने की मांग, दुखनी सोरेन ने सौंपा ज्ञापन

स्वच्छ भारत के संकल्प के साथ कार्यक्रम का हुआ समापन

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने गंदगी से फैलने वाली बीमारियों के बारे में अपने अनुभव साझा किए और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। इसके बाद सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे स्वयं स्वच्छ रहेंगे, अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाएंगे और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच टॉफी का वितरण किया गया। इस अभियान को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. सुधीर कुमार साहू, एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. ग्लोरिया पूर्ति, एनएसएस ऑफिसर डॉ. सुनीता कुमारी, गोपाल चक्रवर्ती और डॉ. ममता कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने स्वच्छ भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

Jamshedpur : गोविंदपुर में जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने चलाया बृहद स्वच्छता अभियान

जेसीबी और 10 हाइवा की मदद से हटाए गए वर्षों पुराने कचरे के ढेर स्वस्थ वातावरण हर नागरिक का अधिकार

  • जेसीबी और 10 हाइवा की मदद से हटाए गए वर्षों पुराने कचरे के ढेर
  • स्वस्थ वातावरण हर नागरिक का अधिकार : डॉ. परितोष सिंह
  • गोविंदपुर को स्वच्छ और बीमारी-मुक्त बनाने का लिया संकल्प

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : गोविंदपुर क्षेत्र में जलजमाव, गंदगी और उससे उत्पन्न होने वाली बीमारियों से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह और प्रबुद्ध नागरिक एवं समाजसेवी सतवीर बग्गा के संयुक्त प्रयास से बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान पूरी तरह निजी खर्च पर संचालित किया गया, जिसमें भारी जेसीबी मशीन और 10 हाइवा वाहनों की सहायता से विभिन्न बस्तियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर वर्षों से जमा कचरे के विशाल ढेरों को हटाया गया। अभियान के तहत सामुदायिक विकास मैदान, डबल स्टोरी क्षेत्र, विवेक विद्यालय के समीप तथा एलआईजी (LIG) हाउसिंग कॉलोनी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कार्य के दौरान कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करते हुए क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पंचायत स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाने की मांग, दुखनी सोरेन ने सौंपा ज्ञापन

मच्छरों और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए वितरित किया गया ब्लीचिंग पाउडर

स्वच्छता अभियान के साथ-साथ क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए स्थानीय निवासियों के बीच निःशुल्क ब्लीचिंग पाउडर का वितरण भी किया गया। जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण गोविंदपुर के प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र से लगातार गंदगी और जलजमाव की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे में सरकारी प्रक्रियाओं की प्रतीक्षा करने के बजाय जनहित को प्राथमिकता देते हुए तत्काल सफाई अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि सतवीर बग्गा के सहयोग से निजी संसाधनों के माध्यम से बड़े स्तर पर सफाई कार्य कराया गया है, जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।

इसे भी पढ़ें : Gua : बड़ाजामदा में बेकरी का शटर काटकर चोरी, केक-चॉकलेट खाकर फरार हुए तीन चोर

स्थानीय नागरिकों ने अभियान की सराहना कर जताया आभार

डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि उनका संकल्प गोविंदपुर को सुंदर, स्वच्छ और बीमारी-मुक्त बनाना है तथा आवश्यकता पड़ने पर ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इस स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान में सत्यजीत बनर्जी, दिनेश सिंह, दिवाकर सिंह, विजय कुमार तथा अमित सिंह सहित कई लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में हुए इस व्यापक सफाई कार्य की सराहना करते हुए जिला परिषद सदस्य और उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद इतने बड़े स्तर पर सफाई कार्य होने से क्षेत्र की सूरत बदलती नजर आ रही है और स्वच्छ वातावरण से बीमारियों के खतरे में भी कमी आएगी।

Jamshedpur : पंचायत स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाने की मांग, दुखनी सोरेन ने सौंपा ज्ञापन

ग्रामीणों को लंबी कतारों और बार-बार कार्यालय के चक्कर से दिलाने की पहल पंचायत स्तर पर एक ही स्थान पर

  • ग्रामीणों को लंबी कतारों और बार-बार कार्यालय के चक्कर से दिलाने की पहल
  • पंचायत स्तर पर एक ही स्थान पर पूरी हो सभी प्रक्रियाएं
  • जनहित में शीघ्र निर्णय लेने की सरकार से अपील

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका, घाटशिला, बहरागोड़ा और जुगसलाई विधानसभा क्षेत्रों के ग्रामीणों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में हो रही कठिनाइयों को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री की पुत्री दुखनी सोरेन ने मुख्यमंत्री के नाम जिला परिवहन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में प्रत्येक पंचायत में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रखंड स्तर पर आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, जिससे लंबी कतारें लग रही हैं। आवेदकों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और कई बार पूरा दिन बीत जाने के बाद भी उनका काम नहीं हो पाता। इसके कारण ग्रामीणों को बार-बार परिवहन कार्यालय और शिविरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च हो रहा है।

इसे भी पढ़ें : Gua : बड़ाजामदा में बेकरी का शटर काटकर चोरी, केक-चॉकलेट खाकर फरार हुए तीन चोर

ग्रामीणों, छात्रों और मजदूरों को हो रही सबसे अधिक परेशानी

दुखनी सोरेन ने कहा कि सबसे अधिक परेशानी ग्रामीण, आदिवासी, मूलवासी, छात्र-छात्राओं, मजदूरों तथा दूरस्थ पंचायतों से आने वाले लोगों को झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर लगाए जाएं, जहां ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं एक ही स्थान पर पूरी की जा सकें। इसमें आवेदन जमा करने, दस्तावेज़ सत्यापन, फोटो खिंचवाने, बायोमेट्रिक प्रक्रिया और ड्राइविंग टेस्ट जैसी सुविधाएं शामिल हों। उन्होंने यह भी कहा कि केवल लर्निंग लाइसेंस जारी करने के बजाय सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने वाले पात्र आवेदकों को स्थायी (परमानेंट) ड्राइविंग लाइसेंस भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोगों को दोबारा कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुबली पार्क रोड चेन स्नैचिंग मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

परिवहन कार्यालयों की भीड़ कम करने का सुझाव

ज्ञापन में कहा गया है कि पंचायत स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित होने से परिवहन कार्यालयों में भीड़ कम होगी और आम लोगों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। इससे हजारों ग्रामीणों को समय पर लाइसेंस मिल सकेगा और सरकारी सेवाओं की पहुंच गांवों तक सुनिश्चित होगी। दुखनी सोरेन ने राज्य सरकार से इस मांग को जनहित से जुड़ा विषय बताते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सुविधाओं का विकेंद्रीकरण समय की आवश्यकता है और पंचायत स्तर पर लाइसेंस शिविर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकते हैं।

Gua : बड़ाजामदा में बेकरी का शटर काटकर चोरी, केक-चॉकलेट खाकर फरार हुए तीन चोर

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस ने शुरू की जांच फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

  • सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस ने शुरू की जांच
  • फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : बड़ाजामदा बाजार स्थित एक बेकरी दुकान में बुधवार देर रात चोरी की अनोखी घटना सामने आई है। तीन अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे केक व चॉकलेट चोरी कर खा गए। घटना के दौरान चोरों को दुकान में कोई नकदी नहीं मिली, जिसके कारण नकद राशि की चोरी नहीं हो सकी। गुरुवार सुबह जब दुकान संचालक मदन गुप्ता अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने शटर को कटा हुआ पाया। अंदर जांच करने पर केक और चॉकलेट गायब मिले। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। इसके बाद दुकान संचालक ने तत्काल बड़ाजामदा थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में 7 अगस्त को मनाया जाएगा 13वां राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस, राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

चोरी की बढ़ती घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। कैमरे में तीन संदिग्ध युवकों की गतिविधियां कैद हुई हैं, जिसके आधार पर उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ाजामदा क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे व्यापारियों और आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि इन घटनाओं के पीछे नशे के आदी युवकों का हाथ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Jamshedpur : जमशेदपुर में 7 अगस्त को मनाया जाएगा 13वां राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस, राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

माईकल जॉन ऑडिटोरियम में जुटेंगे देशभर के बुनकर, उद्योग की चुनौतियों पर होगी चर्चा बुनकरों के सम्मान और सशक्तिकरण पर

  • माईकल जॉन ऑडिटोरियम में जुटेंगे देशभर के बुनकर, उद्योग की चुनौतियों पर होगी चर्चा
  • बुनकरों के सम्मान और सशक्तिकरण पर रहेगा विशेष फोकस
  • पलायन रोकने और उद्योग को मजबूत बनाने पर होगी व्यापक चर्चा

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : वीवर्स डेवलपमेंट एंड रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (WDRO) की ओर से 7 अगस्त 2026 को माईकल जॉन ऑडिटोरियम में 13वें राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में WDRO के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा बुनकर प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक विजय कुमार भारती, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के पूर्व सदस्य मनोज कुमार सिंह, स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय तथा अमित मिश्रा ने संयुक्त रूप से दी। आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2014 में नई दिल्ली में WDRO ने पहली बार 7 अगस्त को हस्तकरघा दिवस मनाया था। इसके बाद वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में 7 अगस्त को राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस के रूप में घोषित किया। तब से संगठन देश के विभिन्न शहरों में लगातार इस दिवस का आयोजन करता आ रहा है। इस वर्ष के कार्यक्रम को लेकर बुनकर समुदाय में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुबली पार्क रोड चेन स्नैचिंग मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

राज्यपाल सहित कई विशिष्ट अतिथि होंगे समारोह में शामिल

आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष के समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, भारत सरकार के पूर्व अध्यक्ष (पूर्वी क्षेत्र) मनोज कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर, भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के पूर्व सदस्य आनंद साहू तथा स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय शामिल होंगे। कार्यक्रम में झारखंड समेत विभिन्न राज्यों से आए बुनकर प्रतिनिधियों के साथ लगभग 500 स्थानीय प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। समारोह के दौरान हस्तकरघा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बुनकरों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें : Gua : वन क्षेत्र में अवैध खनन का आरोप, ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

हस्तकरघा उद्योग की चुनौतियों पर तैयार होगा मांग-पत्र

राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस समारोह का मुख्य उद्देश्य हस्तकरघा एवं बुनकर उद्योग के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर गंभीर मंथन करना है। आयोजकों के अनुसार, इस क्षेत्र से लगातार हो रहे पलायन के कारणों का विश्लेषण किया जाएगा तथा बुनकरों की आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने के उपायों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के दौरान बुनकर समुदाय के सुझावों के आधार पर एक विस्तृत मांग-पत्र तैयार किया जाएगा, जिसे केंद्र और राज्य सरकार को सौंपा जाएगा। आयोजकों ने कहा कि हस्तकरघा उद्योग देश की सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर बुनकरों का उत्साहवर्धन करने और हस्तकरघा उद्योग को बढ़ावा देने की अपील की।

You cannot copy content of this page

Scroll to Top