- सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी से एक सप्ताह से फैली दहशत का अंत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पानीपाड़ा नागुड़साईं स्थित सुवर्णरेखा नदी के तट पर मिले विशालकाय बम को बुधवार सुबह करीब 11 बजे भारतीय सेना और बम निरोधक दस्ते (BDS) ने सुरक्षित तरीके से विस्फोट कर नष्ट कर दिया। पिछले एक सप्ताह से इस बम के कारण इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था। बहरागोड़ा पुलिस की सतर्कता और वरीय पुलिस अधीक्षक के समन्वय से सेना को सूचना दी गई, जिसके बाद इस संवेदनशील ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : दिनदहाड़े चापड़ से हमला : टेल्को में नाबालिगों की हिंसक झड़प से दहशत
मिशन सफल होने पर ग्रामीणों ने सेना और प्रशासन का जताया आभार
ऑपरेशन के दौरान घाटशिला के एसडीपीओ अजीत कुजूर, सीओ राजाराम सिंह मुंडा और थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा सहित भारी संख्या में पुलिस बल, मेडिकल टीम और अग्निशमन दल मौके पर तैनात रहे। बम को सफलतापूर्वक नष्ट किए जाने के बाद क्षेत्र में राहत का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाकर खुशी जाहिर की। साथ ही, उन्होंने प्रशासन और सेना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।























