- धोबी मोड़ पर सड़क बनी रणक्षेत्र, बाइक सवार युवकों ने किया हमला
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित धोबी मोड़ के पास दिनदहाड़े हुई हिंसक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक दो बाइकों पर सवार नाबालिगों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसने कुछ ही मिनटों में उग्र रूप ले लिया। सड़क पर लोगों की भीड़ के बीच अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों ने दूसरी बाइक पर बैठे किशोरों पर चापड़ से हमला कर दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 23 अप्रैल से न्यू केबुल टाउन में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, भव्य कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
हमले के दौरान घबराहट में दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद दोनों किशोर जान बचाने के लिए भागने लगे। लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और कुछ दूरी पर उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में एक किशोर की पीठ पर गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे के कान के पास गहरा जख्म हुआ है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। फिलहाल पुलिस घायलों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : श्रीलेदर्स ने मनाया 115वां फाउंडर्स डे, संस्थापक को श्रद्धापूर्वक नमन
पुलिस की शुरुआती जांच में इस घटना के पीछे आपसी विवाद को मुख्य कारण बताया जा रहा है। हालांकि, शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल के दिनों में इस तरह के हथियारों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन गया है। पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी और हथियार बरामदगी के बावजूद ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।


























