- नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को लेकर तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं में उत्साह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित न्यू केबुल टाउन सामुदायिक भवन मैदान में 23 अप्रैल से 1 मई 2026 तक आयोजित होने वाले श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लक्ष्मीनारायण महायज्ञ समिति द्वारा आयोजित इस भव्य नौ दिवसीय अनुष्ठान को सनातन संस्कृति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा के महापर्व के रूप में देखा जा रहा है। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन की रूपरेखा साझा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी की उम्मीद जताई गई। समिति ने बताया कि इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : श्रीलेदर्स ने मनाया 115वां फाउंडर्स डे, संस्थापक को श्रद्धापूर्वक नमन
गुरुदेव जय मंगला बाबा के सानिध्य में होगा आयोजन
प्रेस वार्ता में परमश्रद्धेय Shri Shri 108 Jai Mangala Baba ने यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धर्म और सद्कर्म ही जीवन को सार्थक बनाते हैं। उन्होंने कहा कि यज्ञ और पूजा-पाठ से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने बताया कि वे अब तक 128 यज्ञों का सफल संचालन कर चुके हैं और इस महायज्ञ से क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष संचार होगा। श्रद्धालुओं से उन्होंने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील भी की।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : 26 वर्षों से 40 किलोमीटर सफर तय कर रहे दिव्यांग शिक्षक, ट्रांसफर नीति पर उठे सवाल
भव्य कलश यात्रा और संगीतमय प्रवचन होंगे आकर्षण का केंद्र
आयोजन समिति के मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर ने बताया कि 23 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ महायज्ञ का शुभारंभ होगा। यह यात्रा ओल्ड केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिरला मंदिर) से शुरू होकर यज्ञ स्थल तक पहुंचेगी, जिसमें सुल्तानगंज से लाए गए पवित्र गंगाजल से भरे कलश के साथ हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन भजन, कीर्तन और प्रवचन का आयोजन होगा। प्रसिद्ध कथावाचक Ramcharitra Das अपने सहयोगियों के साथ संगीतमय कथा और झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रेरित करेंगे।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा खदान में ठेका श्रमिकों के वेतन को लेकर विवाद, जांच के लिए प्रबंधन ने मांगा समय
भव्य यज्ञशाला, सुरक्षा और भंडारे की विशेष व्यवस्था
यज्ञ स्थल पर पांच कुंडीय यज्ञशाला का निर्माण किया गया है, जहां Lal Mohan Shastri अपने 21 सदस्यीय दल के साथ वैदिक अनुष्ठानों का संचालन करेंगे। आयोजन स्थल को 108 देवी-देवताओं की प्रतिमाओं और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंडाल, सुरक्षा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है। समिति के बिट्टू तिवारी ने बताया कि प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जबकि 1 मई को पूर्णाहुति और महाभंडारा तथा 2 मई को रामार्चा पूजा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।






















