सिर्फ दो घंटे की जलापूर्ति पर निर्भर ग्रामीण, अतिरिक्त पाइपलाइन की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : किरीबुरू थाना क्षेत्र स्थित गाड़ा हाटिंग बस्ती में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। बस्ती में करीब 300 परिवार निवास करते हैं, लेकिन उनके लिए सेल प्रबंधन की ओर से केवल एक पानी सप्लाई पाइपलाइन की व्यवस्था की गई है। इसी एकमात्र पाइपलाइन से प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक केवल दो घंटे जलापूर्ति की जाती है। सीमित समय तक मिलने वाले पानी के कारण सभी परिवारों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। जलापूर्ति शुरू होते ही पानी भरने के लिए लोगों की लंबी कतार लग जाती है। महिलाओं का कहना है कि कई बार निर्धारित समय समाप्त होने से पहले ही पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता, जिससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ पेयजल की आवश्यकता पूरी करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गर्मी और उमस भरे मौसम में यह समस्या और गंभीर रूप ले रही है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ग्रेजुएट महाविद्यालय में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन
ग्रामीणों ने प्रशासन और सेल प्रबंधन से लगाई गुहार
स्थानीय लोगों ने बताया कि वे लंबे समय से सेल प्रबंधन से एक अतिरिक्त पानी सप्लाई पाइपलाइन उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि बस्ती के सभी परिवारों को नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन को भी आवेदन देकर पेयजल संकट के स्थायी समाधान की मांग की है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में समस्या और विकराल हो सकती है। बस्तीवासियों ने सेल प्रबंधन और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अतिरिक्त जलापूर्ति व्यवस्था शुरू करने तथा पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
























