पूर्वी सिंहभूम के चौथे स्थान पर आने पर शिक्षा विभाग का किया गया सम्मान
ड्रॉपआउट बच्चों के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में झारखंड मुक्ति मोर्चा पूर्वी सिंहभूम जिला के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ नेता सह केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल एवं शेख बदरुद्दीन के नेतृत्व में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड अधिविध परिषद द्वारा घोषित मैट्रिक परीक्षा परिणाम में जिले को पूरे राज्य में चौथा स्थान प्राप्त होने पर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, शिक्षकों और सफल विद्यार्थियों को बधाई दी गई तथा प्रतीक स्वरूप गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का क्षण बताया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में इसे सकारात्मक संकेत माना।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम में झामुमो का बड़ा संगठनात्मक बदलाव, विक्टर सोरेन बने जिला अध्यक्ष
एक वर्ष में 22वें स्थान से चौथे स्थान तक पहुंचा जिला
पिछले वर्ष जहां पूर्वी सिंहभूम जिला मैट्रिक परीक्षा परिणाम में राज्य में 22वें स्थान पर था, वहीं इस वर्ष जिले ने चौथा स्थान हासिल कर उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। झामुमो नेताओं ने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा मंत्री, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति कल्पना सोरेन तथा दिवंगत पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के मार्गदर्शन को दिया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जल्द ही वे मुख्यमंत्री समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं से मिलकर राज्य में ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ने के लिए झामुमो कार्यकर्ताओं के माध्यम से विशेष अभियान चलाने का आग्रह करेंगे। इस मौके पर अभय पांडेय, उमेश गिरी, आर श्रीनिवास राव, दिनेश्वर कुमार, चंदन लाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।























