ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर जमशेदपुर के छात्र ने किया शानदार प्रदर्शन
क्षेत्र में खुशी की लहर, छात्रों के लिए बने प्रेरणा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर निवासी अक्षत मोदी ने आईसीएसई बोर्ड की दसवीं परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। जमशेदपुर स्थित डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल, बीएच एरिया के छात्र अक्षत ने बायोलॉजी में 99 प्रतिशत और हिंदी में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले अक्षत ने यह साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि पर गांव के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में आंधी-तूफान का कहर, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी
सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को, भविष्य में व्यवसायी बनने का सपना
अक्षत मोदी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों को दिया है, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि वह आगे चलकर एमबीए की पढ़ाई करना चाहते हैं और अपना खुद का व्यवसाय स्थापित करना उनका सपना है। अक्षत के पिता रमेश मोदी एक व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता सोनिया मोदी गृहिणी हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर माता-पिता बेहद गर्वित हैं और उन्होंने मिठाई खिलाकर उसे आशीर्वाद दिया। अक्षत की यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है, जो यह दर्शाती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।
























