तेज बारिश और हवा से 50 एकड़ धान की फसल बर्बाद, किसान चिंतित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा और बरसोल क्षेत्र में मंगलवार शाम मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। भीषण उमस के बीच तेज आंधी और काले बादलों के साथ हुई 85.2 मिमी मूसलाधार बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं खेतों में खड़ी और कटी हुई गरमा धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। कृषि पदाधिकारी संजय कुमार के अनुसार करीब 50 एकड़ में लगी फसल जमीन पर गिर गई है, जिससे दर्जनों किसान प्रभावित हुए हैं। कई किसानों की मेहनत और लागत इस प्राकृतिक आपदा में खत्म हो गई, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
इसे भी पढ़ें : Musabani : मुसाबनी के नेतरा गांव में ‘ञिदा सिंगराई’ कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक सोमेश चंद्र सोरेन
किसानों ने मुआवजे की मांग तेज की, बीमा क्लेम का सुझाव
किसानों ने प्रशासन से जल्द मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके। विभाग की ओर से किसानों को फसल बीमा क्लेम करने की प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी गई है। इस आंधी-तूफान का असर सिर्फ खेती तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई। तेज हवा के कारण कई बिजली इंसुलेटर फट गए और तार गिर गए, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारी युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं और जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं।
























