- घाटशिला के गहनडीह सबर बस्ती में बसंती सबर की मौत के बाद दो बेटों पर टूटा दुखों का पहाड़
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड के कशिदा पंचायत अंतर्गत गहनडीह सबर बस्ती में एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है। यहां रहने वाली बसंती सबर के निधन के बाद उनके दो छोटे बेटे पूरी तरह असहाय हो गए हैं। बसंती सबर ही परिवार का एकमात्र सहारा थीं और उन्हीं के प्रयासों से घर की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी होती थीं। जानकारी के अनुसार, उनके पति सिदाम सबर कई वर्ष पहले पत्नी और बच्चों को छोड़कर दूसरी शादी कर कहीं और रहने लगे थे। ऐसे में बसंती ही अपने दोनों बेटों गुरबा सबर (14 वर्ष) और सुन्दर सबर (10 वर्ष) की परवरिश कर रही थीं। मां के अचानक निधन से दोनों बच्चों के सिर से साया उठ गया है और अब उनके भविष्य को लेकर गांव के लोग भी चिंतित हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद जमशेदपुर में अलर्ट, सिटी एसपी ने किया सिविल कोर्ट का निरीक्षण
विधायक प्रतिनिधि और JMM कार्यकर्ताओं ने परिवार से मिलकर जताई संवेदना
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि जगदीश भकत के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कई कार्यकर्ता गहनडीह सबर बस्ती पहुंचे। इस दौरान सह सचिव रिंकू सिंह, काला सरकार, हिमांशु महतो, पप्पू सिंह, बिस्वाजीत सिंह, जितेन पूर्ति और गोलाई हांसदा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। सभी ने बसंती सबर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बच्चों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा कर्म के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही दोनों बच्चों की पढ़ाई, देखभाल और बेहतर भविष्य के लिए भी हरसंभव मदद करने की बात कही। ग्रामीणों ने भी उम्मीद जताई कि समाज और प्रशासन की मदद से इन मासूम बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

























