कूलर और फैन खराब, सुविधाओं के अभाव में इलाज व्यवस्था पर सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा स्थित यूसिल अस्पताल में भीषण गर्मी के बीच मरीजों की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। जहां एक ओर डॉक्टर चैंबर और इमरजेंसी में अत्यधिक एसी की सुविधा मौजूद है, वहीं मरीजों के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव साफ नजर आ रहा है। मेल और फीमेल वार्ड में लगे कूलर और एक्जॉस्ट फैन लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मरीजों का कहना है कि अस्पताल में लगा बेड भी खराब हालत में है और लेटते ही नीचे धंस जाता है। अस्पताल में रखे कई उपकरण जंग खा चुके हैं, जो अब बीमारियों को आमंत्रण देते प्रतीत हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोपाल मैदान में गंगा नारायण सिंह की 236वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, 55 हजार लोगों की ऐतिहासिक भागीदारी
दवाओं की कमी से बढ़ी परेशानी, बाहर से खरीदने को मजबूर मरीज
मरीजों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद उन्हें जरूरी दवाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जातीं, जिसके चलते उन्हें बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। इससे गरीब मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। अस्पताल की इस स्थिति ने इलाज व्यवस्था की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि भारत सरकार के उपक्रम यूसिल के इस अस्पताल की बदहाली चिंताजनक है और इसे जल्द सुधारने की जरूरत है। लोगों ने मांग की है कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि गर्मी के इस मौसम में लोगों को राहत मिल सके।























