सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दबोचे अपराधी
लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के मामलों में पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : साकची थाना पुलिस ने जुबली पार्क रोड पर महिला से चेन छिनतई की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 31 जुलाई 2026 की रात जेनको चौक के समीप हुई थी, जहां चंदना दास नामक महिला के गले से अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली थी। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राहुल गोप उर्फ बल्ले (30 वर्ष) तथा आमिर सरफराज (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से छीनी गई एक सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त हरे रंग की मोटरसाइकिल (JH05CV6640) भी बरामद की है।
इसे भी पढ़ें : Gua : नुईया विद्यालय में ‘10 करोड़ व्यसनमुक्त भारत संकल्प महा-अभियान’ का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राहुल गोप उर्फ बल्ले के खिलाफ सीतारामडेरा, गोलमुरी और एमजीएम थाना क्षेत्रों में लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आमिर सरफराज के खिलाफ भी साकची और सोनारी थाना में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई को सफल बनाने में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, पु.अ.नि. अमित कुमार चौधरी, पु.अ.नि. हरि हेंब्रम, पु.अ.नि. जितेन्द्र कुमार वर्मा तथा साकची थाना रिजर्व गार्ड की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
























