मामूली बुखार और दस्त के इलाज के दौरान बिगड़ी हालत, परिजनों ने झोलाछाप चिकित्सक पर लगाया लापरवाही का आरोप
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत मौदा गांव में एक 40 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान नाडु सीट के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि बुखार और दस्त की शिकायत होने पर उन्हें स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए ले जाया गया था, जहां एक कथित झोलाछाप चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन दिए जाने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगने के बाद मरीज ने शरीर में तेज जलन और बेचैनी की शिकायत की, लेकिन उसकी स्थिति पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। कुछ ही देर में वह अचेत हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : बांस की पुलिया के सहारे गुजर रही जिंदगी, पक्के पुल की मांग को लेकर ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
पुलिस ने शुरू की जांच, ग्रामीणों में आक्रोश
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर चिकित्सकों ने नाडु सीट को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी तथा अवैध रूप से इलाज करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।























