वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमि पूजन, खाटूधाम से लाई गई पवित्र मिट्टी और जल का किया गया उपयोग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नीमडीह प्रखंड के आदरडीह गांव में श्री खाटू श्याम बाबा एवं शनि महाराज के भव्य मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी गई। कुमारपाड़ा स्थित डाबरा बांध के समीप आयोजित भूमि पूजन समारोह में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही। बाबा बैद्यनाथ धाम से पहुंचे पुजारी ओमप्रकाश पांडे शास्त्री के नेतृत्व में भोला जी, पंडित अश्वनी शर्मा सहित अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न कराया। यजमान के रूप में दीपकल कुमार एवं शिशुपाल कुमार सपत्नीक पूजा-अर्चना में शामिल हुए। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान खाटू श्याम बाबा के जयकारों से माहौल को श्रद्धामय बना दिया।
इसे भी पढ़ें : Potka : ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयकारों से गूंजा माटकू, विधायक संजीव सरदार ने की पूजा-अर्चना
खाटूधाम से लाई गई पवित्र सामग्री का हुआ उपयोग

भूमि पूजन समारोह की विशेषता यह रही कि दीपकल कुमार खाटू श्यामधाम से श्याम कुंड का पवित्र जल, मिट्टी, ईंट, निशान तथा अन्य पूजन सामग्री लेकर आए थे। इन सभी पवित्र सामग्रियों का मंदिर निर्माण की आधारशिला रखने के दौरान विधिवत उपयोग किया गया। वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच खीर और चूरमा का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में शामिल लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम बताया। मंदिर निर्माण की शुरुआत से आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल देखा गया।
इसे भी पढ़ें : Gamharia : रापचा के पास एलपीजी सिलेंडरों से लदा वाहन पलटा, सड़क पर बिखरे 50 से अधिक सिलेंडर
धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा आदरडीह
शास्त्री ओमप्रकाश पांडे ने कहा कि भव्य खाटू श्याम बाबा मंदिर के निर्माण से आदरडीह और आसपास का क्षेत्र आने वाले समय में धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नीमडीह थाना के एएसआई मिंटू सिंह सहित सशस्त्र पुलिस बल भी मौजूद रहा। कार्यक्रम में श्री श्याम कला भवन के कल्याण प्रसाद सुल्तानिया, विशाल चौधरी, हरीश सुल्तानिया, पवन शर्मा, नीलकमल जालान, संदीप सुल्तानिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।


























