- समीक्षा बैठक में साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति और पौधारोपण को लेकर दिए गए सख्त निर्देश
- पौधारोपण और उपस्थिति पर प्रशासन की नजर, ऑनलाइन प्रशिक्षण भी अनिवार्य
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पूर्वी सिंहभूम जिले में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और योजनाओं को समय पर लागू करने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने की और इसमें समग्र शिक्षा अभियान तथा प्रधानमंत्री पोषण योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि लगभग 2000 बच्चों के बैंक खाते अब तक नहीं खुले हैं। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि ये खाते इसी माह के भीतर खोले जाएं और इसके लिए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, शिक्षक और कार्यक्रम पदाधिकारी अभिभावकों से संपर्क कर अभियान चलाएं।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : झारखंड आंदोलन के नायक निर्मल महतो को बहरागोड़ा में दी गई श्रद्धांजलि
बैंक खाता खोलना प्राथमिकता, DBT में हो रही देरी को दूर करने की तैयारी
छात्रवृत्ति वितरण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए DBT के माध्यम से राशि भेजने पर विशेष बल दिया गया। यदि छात्रवृत्ति की राशि किसी कारणवश वापस हो रही है तो उसका कारण स्पष्ट कर रिपोर्ट जिला कल्याण पदाधिकारी को देने का निर्देश दिया गया। साथ ही, 22 अगस्त तक सभी पात्र बच्चों को साइकिल वितरण हर हाल में पूरा करने को कहा गया है। इसके लिए शिक्षा विभाग को प्रखंड विकास पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों और कल्याण पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की हिदायत दी गई।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट, कोबरा बटालियन के दो जवान घायल, रांची एयरलिफ्ट
साइकिल और छात्रवृत्ति वितरण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
समीक्षा बैठक में शिक्षक प्रशिक्षण और पर्यावरण संरक्षण को भी प्रमुखता दी गई। सभी शिक्षकों को “सतत एवं पेशेवर विकास प्रशिक्षण (CDP)” इसी माह ऑनलाइन पूरा करने को कहा गया। वहीं, “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के तहत 15 अगस्त तक सभी स्कूलों में 100% पौधारोपण का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश मिले। मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के तहत स्कूलों को एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर पंजीकरण कर फोटोग्राफ अपलोड करने होंगे। साथ ही, छात्र उपस्थिति को नियमित रूप से ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज करने को अनिवार्य बताया गया। अनुपालन न करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
























