Share

Gua : गुवा में अतिक्रमण बना विकट संकट, सुरसा के मुंह की तरह फैल रही समस्या – तबारक खान

  • भूमि कब्ज़ा, अवैध निर्माण और प्रशासन की निष्क्रियता बनी बड़ी चुनौती
  • सेल प्रबंधन की उपेक्षा से बढ़ा अतिक्रमण, रेलवे स्टेशन परिसर भी कब्जे की चपेट में
  • जिला प्रशासन की “मूकदर्शक” भूमिका, अतिक्रमण हटाने की मांग तेज
  • झामुमो नेता तबारक खान की चेतावनी – “जरूरत पड़ी तो सड़क पर उतरेंगे”

जेबी लाइव, रिपोर्टर

पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या तेजी से विकराल रूप ले रही है। स्थिति यह हो चुकी है कि सड़क, सरकारी भूमि, रेलवे परिसर और सेल (SAIL) प्रबंधन की परिसंपत्तियों पर बड़े पैमाने पर कब्ज़ा कर दुकानें, जिम, गोदाम और यहां तक कि धार्मिक ढांचे खड़े किए जा रहे हैं। इस अतिक्रमण को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरीय नेता और चर्चित समाजसेवी तबारक खान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि गुवा में अतिक्रमण सुरसा के मुंह की तरह लगातार फैल रहा है, जिसे रोकना अब जिला प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है।

इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला विधानसभा उप चुनाव : नामांकन अधिसूचना जारी, पहले दिन चार ने खरीदा पर्चा

गुवा में अवैध कब्ज़े से बाधित विकास योजनाएँ – स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ा

तबारक खान ने आरोप लगाया कि सेल गुवा के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक कमल भास्कर और पूर्व उप महाप्रबंधक नरेंद्र कु झा की उपेक्षा और निष्क्रियता के कारण इस समस्या ने गंभीर रूप लिया। उन्होंने बताया कि कई लोगों ने आवासीय भूमि में मंदिर बनाकर अतिक्रमण को वैध करने की कोशिश की है। गुवा रेलवे स्टेशन परिसर भी बचा नहीं—यहां व्यापक पैमाने पर दुकानें और शेड बनाकर भूमि कब्जा किया गया है। पूछने पर अधिकारी अपना पल्ला झाड़ते हुए कहते हैं कि यह कार्रवाई उनके कार्यकाल से पहले हुई थी। लेकिन आम जनता का कहना है कि प्रबंधन और प्रशासन की मिलीभगत और ढिलाई ने इस स्थिति को जन्म दिया है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल को ठीक से चलाने के लिए अनुश्रवण समिति गठित हो – सरयू राय

गुवा रेलवे स्टेशन बना अवैध निर्माण का हब – यात्रियों को हो रही परेशानी

गुवा क्षेत्र में अतिक्रमण इतना बढ़ गया है कि अब सरकारी बंगलों और आवासीय परिसरों में भी बाहरी लोगों का अवैध कब्जा हो चुका है। तबारक खान ने कहा कि जिला प्रशासन मूकदर्शक बना बैठा है, जबकि अतिक्रमण हटाना प्रशासनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिकारी सिर्फ कागज़ी कार्रवाई तक सीमित हैं और जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो यह मुद्दा बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
झामुमो नेता तबारक खान ने जिला उपायुक्त और एसडीओ से मांग की है कि गुवा में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए ताकि क्षेत्र को अवैध कब्जे से मुक्त किया जा सके। उन्होंने आम जनता के हित में कहा कि गुवा की मूल पहचान और विकास बचाने के लिए यह कदम आवश्यक है।

Jhargram : झाड़ग्राम में चुनाव तैयारी तेज, एसपी ने थाना क्षेत्रों का किया दौरा

स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने पर जोर जेबी लाइव, रिपोर्टर झाड़ग्राम : झाड़ग्राम में आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव

  • स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने पर जोर

जेबी लाइव, रिपोर्टर

झाड़ग्राम : झाड़ग्राम में आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने बेलपहाड़ी, बिनपुर, लालगढ़ और जामबोनी थाना क्षेत्रों का दौरा कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और पुलिस बल के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में विराट हिंदू सम्मेलन, एकता और भक्ति का दिखा विशाल संगम

हिंसा मुक्त और भयमुक्त चुनाव के लिए सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए छह प्रमुख सिद्धांतों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। इनमें हिंसा मुक्त चुनाव, प्रभाव और भय से मुक्त वातावरण, बूथ कब्जा रोकना, मतदान केंद्रों को सुरक्षित रखना और फर्जी मतदान पर कड़ी कार्रवाई शामिल है। उन्होंने सभी अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहते हुए चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो सके।

Baharagoda : बहरागोड़ा में विराट हिंदू सम्मेलन, एकता और भक्ति का दिखा विशाल संगम

कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ जेबी लाइव, रिपोर्टर बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के नेताजी शिशु उद्यान स्थित शाखा

  • कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के नेताजी शिशु उद्यान स्थित शाखा मैदान में रविवार को ‘समस्त हिंदू समाज’ के बैनर तले विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जहां सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भव्य कलश यात्रा निकालकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पूरा क्षेत्र धार्मिक उत्साह और जयकारों से गूंज उठा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे आयोजन स्थल जनसैलाब में तब्दील हो गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में एकता, समरसता और धार्मिक चेतना को बढ़ावा देना था।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में 5 केंद्रों पर ‘ओल चिकी’ परीक्षा सम्पन्न, 322 विद्यार्थियों ने लिया भाग

संगठन को बताया कलियुग की सबसे बड़ी शक्ति

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. देवाचार्य महाराज ने अपने संबोधन में ‘सांघे शक्ति कलियुगे’ का उद्घोष करते हुए संगठन की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सुरक्षित और सशक्त रहने के लिए समाज का एकजुट होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने वैदिक सनातन धर्म को भारतीय राष्ट्र की पहचान बताते हुए विश्व स्तर पर बढ़ती कृष्ण भक्ति का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम के अंत में हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ आयोजन सम्पन्न हुआ।

Baharagoda : बहरागोड़ा में 5 केंद्रों पर ‘ओल चिकी’ परीक्षा सम्पन्न, 322 विद्यार्थियों ने लिया भाग

संताली भाषा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल जेबी लाइव, रिपोर्टर बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड में संताली भाषा और संस्कृति

  • संताली भाषा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड में संताली भाषा और संस्कृति के संरक्षण को लेकर रविवार को ‘ओल चिकी इतुन आशड़ा’ की वार्षिक परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। टाटा स्टील फाउंडेशन और पंडित रघुनाथ मुर्मू एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस परीक्षा में कुल 322 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा के लिए प्रखंड के पाँच विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था, जिनमें पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय खांडा मौदा, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बहरागोड़ा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय नाकदोहा, रांगामाटिया तथा आदिवासी गामारिया स्थित मध्य विद्यालय शामिल थे। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों ने संताली लिपि ‘ओल चिकी’ में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में डॉ. राममनोहर लोहिया कौशल विकास केंद्र का होगा शिलान्यास

शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से हुआ आयोजन

परीक्षा का संचालन टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रखंड समन्वयक दशरथ हांसदा के नेतृत्व में शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से किया गया। इस दौरान शिक्षाविद नगेन चंद्र मांडी, दुखी राम मुर्मू और साहेब राम सोरेन ने सक्रिय सहयोग दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को संताली भाषा और उसकी लिपि ‘ओल चिकी’ से जोड़ना तथा उनकी भाषाई जड़ों को मजबूत करना है। इस तरह के प्रयासों से क्षेत्र में न केवल भाषा का संरक्षण हो रहा है, बल्कि सांस्कृतिक पहचान को भी सुदृढ़ करने में मदद मिल रही है।

Baharagoda : बहरागोड़ा में डॉ. राममनोहर लोहिया कौशल विकास केंद्र का होगा शिलान्यास

जयंती के अवसर पर ग्रामीण स्वावलंबन की दिशा में नई पहल जेबी लाइव, रिपोर्टर बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के बरसोल में

  • जयंती के अवसर पर ग्रामीण स्वावलंबन की दिशा में नई पहल

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के बरसोल में महान समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की 116वीं जयंती के अवसर पर 23 मार्च को ‘डॉ. राममनोहर लोहिया चैतन्यता एवं कौशल विकास केंद्र’ का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया जाएगा। यह पहल उनके ग्रामीण स्वावलंबन के अधूरे सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के उद्योग एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव शामिल होंगे। वहीं उद्घाटनकर्ता के रूप में पूर्व मंत्री दिनेश कुमार षड़ंगी और कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व न्यायाधीश टी. गोपाल सिंह करेंगे। इस आयोजन का संचालन डॉ. राममनोहर लोहिया रिसर्च फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में भव्य आभार मिलन समारोह, संगठन की एकजुटता को मिला सम्मान

युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण और रोजगार का अवसर

इस प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही यहां शोधार्थियों के लिए एक आधुनिक पुस्तकालय की भी स्थापना की जाएगी, जिससे बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना डॉ. लोहिया के निधन के 59 वर्षों बाद उनके सामाजिक और आर्थिक स्वावलंबन के विचारों को जमीन पर उतारने का प्रयास है। समारोह में विधायक समीर कुमार मोहंती, सरयू राय, रामचंद्र केसरी, ओडिशा के पूर्व मंत्री प्रवीण चंद्र भंजदेव, साहित्यसेवी संदीप मुरारका सहित कई गणमान्य लोग और समाजवादी विचारक उपस्थित रहेंगे।

Ghatsila : घाटशिला में भव्य आभार मिलन समारोह, संगठन की एकजुटता को मिला सम्मान

उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं और नेताओं का अभिनंदन जेबी लाइव, रिपोर्टर घाटशिला : घाटशिला प्रखंड के बड़ाजुड़ी पंचायत

  • उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं और नेताओं का अभिनंदन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

घाटशिला : घाटशिला प्रखंड के बड़ाजुड़ी पंचायत स्थित मुक्ताधारा रिसॉर्ट में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन द्वारा एक भव्य आभार मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वर्ष 2025 में हुए उपचुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, प्रचारक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। समारोह का उद्देश्य चुनाव में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार प्रकट करना और संगठन की ताकत को एक मंच पर लाना था। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जीत की खुशी साझा की और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

इसे भी पढ़ें : Potka : बालीजुड़ी गांव में विश्व जल दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, संरक्षण का संदेश

सामूहिक रणनीति और मेहनत से मिली जीत

ज्ञात हो कि पूर्व विधायक एवं राज्य के शिक्षा मंत्री स्व. रामदास सोरेन के निधन के बाद हुए उपचुनाव में पार्टी ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा। इस दौरान कार्यकर्ताओं, स्टार प्रचारकों और मंत्रियों ने समन्वित रणनीति के तहत कार्य किया, जिसका परिणाम ऐतिहासिक जीत के रूप में सामने आया। अपने संबोधन में विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे संगठन की सामूहिक मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ें : Potka : लौकी-भात से शुरू हुआ चैती छठ, व्रतियों ने लिया कठिन संकल्प

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में एकता का संदेश

समारोह में राज्य के भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती, राजू गिरी, जगत मांझी, लक्ष्मण टुडू, बारी मुर्मू, सूरजमोनी सोरेन, अर्चना सोरेन, बागराय मार्डी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में मुसाबनी, घाटशिला, धालभूमगढ़ और गुड़ाबांदा प्रखंड के पदाधिकारी तथा हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह का संचालन वरिष्ठ नेता काजल डॉन ने किया। अंत में विधायक ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि संगठन की एकता ही भविष्य की सफलता की कुंजी है और इसी के बल पर आने वाले चुनावों में भी जीत सुनिश्चित की जाएगी।

Potka : बालीजुड़ी गांव में विश्व जल दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, संरक्षण का संदेश

ग्रामीणों को जल की महत्ता और बचत के उपायों की दी गई जानकारी जेबी लाइव, रिपोर्टर पोटका : पोटका प्रखंड

  • ग्रामीणों को जल की महत्ता और बचत के उपायों की दी गई जानकारी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

पोटका : पोटका प्रखंड के सोहदा पंचायत अंतर्गत बालीजुड़ी गांव में विश्व जल दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के निर्देश पर आयोजित हुआ, जिसमें पीएलवी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल के महत्व, उसकी सीमित उपलब्धता और संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि विश्व जल दिवस की शुरुआत 22 मार्च 1993 से हुई थी और इसका उद्देश्य लोगों को जल संकट के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर लगभग 71 प्रतिशत जल होने के बावजूद स्वच्छ पेयजल की कमी लगातार बढ़ रही है। इसके पीछे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, बढ़ता वायु प्रदूषण, औद्योगिक अपशिष्ट और जल का दुरुपयोग मुख्य कारण हैं।

इसे भी पढ़ें : Potka : लौकी-भात से शुरू हुआ चैती छठ, व्रतियों ने लिया कठिन संकल्प

जल बचाने के लिए दैनिक जीवन में बदलाव पर जोर

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के व्यावहारिक उपायों के बारे में भी बताया। उन्होंने नल को अनावश्यक रूप से खुला न छोड़ने, चापाकल का सीमित उपयोग करने, नहाने और कपड़े धोने में पानी की बचत करने तथा मवेशियों को धोते समय भी सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि अभी से सतर्क नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान ग्राम प्रधान रामदेव हेंब्रम सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर जल संरक्षण का संकल्प लिया और अपने-अपने स्तर पर पानी बचाने की दिशा में प्रयास करने का भरोसा जताया। कार्यक्रम में पीएलवी चयन कुमार मंडल, छाकु माझी, मीरा मंडल, ज्योत्सना गोप, सबिता सोरेन, राजेश माहली, मकरो कर्मकार, दुलाल चंद्र मंडल, शांति हेंब्रम, मीना कैबर्त, आरसु टुडू, जूजू भकत, कुंदामणि माझी, बिशु मार्डि और सुमित कुमार गोप सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page

Scroll to Top