पूर्व मंत्री डॉ. दिनेश कुमार षड़ंगी ने उठाए सवाल, 15 मई तक दिया अल्टीमेटम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा में झारखंड सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश कुमार षड़ंगी ने चार साल बाद आयोजित कोल्हान विश्वविद्यालय की सीनेट बैठक में लिए गए अहम निर्णयों का स्वागत किया है। उन्होंने विश्वविद्यालय के कायाकल्प, वाई-फाई कैंपस और 13 नए डिग्री कॉलेजों को संबद्धता देने जैसे फैसलों को सकारात्मक कदम बताते हुए कुलपति और विश्वविद्यालय प्रशासन को बधाई दी। हालांकि, उन्होंने शिक्षकों की भारी कमी को लेकर गहरी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के लिए शिक्षक सबसे बुनियादी आवश्यकता होते हैं, लेकिन इस गंभीर मुद्दे पर सीनेट में कोई ठोस चर्चा नहीं की गई।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पूर्व विधायक सनातन माझी की पांचवीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि
बहरागोड़ा कॉलेज की स्थिति पर नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी
डॉ. षड़ंगी ने कहा कि संविदा और अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति बंद होने से कई विभाग खाली पड़े हैं और पढ़ाई लगभग ठप हो गई है। उन्होंने बहरागोड़ा महाविद्यालय की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि इस संबंध में राज्यपाल और कुलपति को पहले ही आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसे उन्होंने शर्मनाक बताया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 15 मई तक रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू नहीं होती है, तो कॉलेज में तालाबंदी कर व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।























