प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद रोशनी कुमारी को ससुराल में सुरक्षा के साथ रहने की व्यवस्था
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के भुइंयाडीह स्थित ग्वाला बस्ती निवासी प्रभा देवी एवं उनकी पुत्री रोशनी कुमारी ने दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से परेशान होकर समाजसेवी Rani Gupta के आवासीय कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता रोशनी कुमारी ने बताया कि उनका विवाह 6 फरवरी 2023 को सिदगोड़ा सूर्य मंदिर स्थित सोन मंडप में हिंदू रीति-रिवाज से कौटिल्य नामक युवक के साथ हुआ था। विवाह के शुरुआती दिनों में पति-पत्नी के संबंध अच्छे रहे और दोनों बेंगलुरु में साथ रहे, लेकिन बाद में दहेज की मांग और पारिवारिक हस्तक्षेप के कारण विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि सास एवं ससुर लगातार मानसिक प्रताड़ना देते थे और बहू को परिवार से अलग करना चाहते थे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एनआईटी जमशेदपुर में ई-ऑफिस प्लेटफॉर्म का शुभारंभ, डिजिटल प्रशासन को मिलेगा बढ़ावा
पीड़िता ने मारपीट और दुर्व्यवहार का लगाया आरोप
रोशनी कुमारी के अनुसार, जब वह अपने ससुराल पहुंची और सम्मानपूर्वक पैर छूने का प्रयास किया, तब उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई, घर की बिजली बंद कर दी गई और उसे कमरे में बंद कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए समाजसेवी रानी गुप्ता ने तत्काल पुलिस प्रशासन, महिला थाना, बिष्टुपुर थाना, सीनियर एसपी एवं सिटी एसपी को पूरी जानकारी दी। साथ ही टाटा स्टील प्रबंधन को भी अवगत कराया गया कि उनके क्वार्टर में महिला प्रताड़ना की घटना हो रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा स्टील ने उत्साह के साथ मनाया अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस, नर्सों के योगदान को किया सम्मानित
प्रशासन की पहल से मिली सुरक्षा, समाज को दिया संदेश
प्रशासनिक हस्तक्षेप और समाजसेवी रानी गुप्ता की पहल के बाद रोशनी कुमारी को सुरक्षित रूप से उसके ससुराल में रहने की व्यवस्था कराई गई। रानी गुप्ता ने कहा कि आज भी समाज में महिलाएं दहेज और घरेलू हिंसा जैसी समस्याओं का सामना कर रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि केवल “नारी शक्ति” की बात करने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए समाज और प्रशासन को मिलकर ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने प्रशासन एवं सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाया जा सकता है।






















