सफेद सुमो गाड़ी पर संदेह, पुलिस ने जांच तेज की
पुलिस ने सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन, ग्रामीणों में रोष
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड के फुलपाल गांव में बीती रात पशु चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश फैल गया है। अज्ञात चोरों ने एक ही रात में अलग-अलग घरों से कुल 7 गायों को चोरी कर लिया। पीड़ितों में शेख अकबरुद्दीन की एक गाय, शेख नसीन की दो गाय, खुर्शीद मलिक की एक गाय, शेख शाहिद की एक गाय और अजिक्खा बीवी की दो गाय शामिल हैं। सुबह जब ग्रामीणों ने देखा कि उनके मवेशी गायब हैं तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद सभी ग्रामीणों ने मिलकर खोजबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच में कुछ लोगों ने बताया कि रात के समय गांव के आसपास एक सफेद रंग की सुमो गाड़ी देखी गई थी, जिसके शीशे काले थे, जिससे संदेह और गहरा हो गया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, मैट्रिक परिणाम पर जताई खुशी
ग्रामीणों ने रात में संदिग्ध वाहन घूमते देखा, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने घाटशिला थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आश्वासन दिया है कि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय कर पूरे मामले की विस्तृत छानबीन की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि इस तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को जल्द ही चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।























