हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की पहल
हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए बरतें सावधानियां
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए मंगलवार को ओआरएस कॉर्नर स्थापित किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उत्पल मुर्मू की अध्यक्षता में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य गर्मी के कारण होने वाले डिहाइड्रेशन से लोगों को तत्काल राहत देना है। इस कॉर्नर के माध्यम से अस्पताल आने वाले मरीजों को तुरंत ओआरएस घोल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे शरीर में पानी की कमी को तेजी से दूर किया जा सके। यह पहल क्षेत्रवासियों के लिए काफी राहत भरी मानी जा रही है, खासकर उन लोगों के लिए जो गर्मी के दौरान अधिक प्रभावित होते हैं।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग तेज, बहरागोड़ा में सौंपा गया ज्ञापन
गर्मी में स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए नई पहल
डॉ. उत्पल मुर्मू ने बताया कि ओआरएस कॉर्नर केवल घोल उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को इसे घर पर सही तरीके से बनाने की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हीट स्ट्रोक के शुरुआती लक्षणों में ओआरएस का सेवन करने से स्थिति को गंभीर होने से रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे धूप में निकलते समय पानी या ओआरएस घोल साथ रखें और कमजोरी या चक्कर आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। इस अवसर पर चिन्मय कुमार गिरी, देवाशीष साहू, जगन्नाथ साहू, कृष्ण कुमार और रंजन साहू सहित कई लोग मौजूद रहे।























