मानगो पुल जाम और लंबित महिला मामलों को लेकर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में बढ़ती यातायात अव्यवस्था को लेकर समाजसेवी रानी गुप्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष गंभीर चिंता जताई है। सोमवार को उन्होंने ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार से शिष्टाचार मुलाकात कर मानगो पुल और गोलचक्कर क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि खासकर स्कूलों की छुट्टी के समय दोपहर में स्थिति अत्यंत खराब हो जाती है, जब तेज धूप में स्कूली बच्चे और उनके अभिभावक लंबे समय तक जाम में फंसे रहते हैं। इससे न केवल लोगों को परेशानी होती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। रानी गुप्ता ने यातायात पुलिस से इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाने की मांग की।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बढ़ती गर्मी से राहत: बहरागोड़ा सीएचसी में ओआरएस कॉर्नर की शुरुआत
मानगो पुल जाम से लोगों की बढ़ती परेशानी
इसके साथ ही रानी गुप्ता ने महिला सुरक्षा और न्याय से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति लिमिटेड की संरक्षक के रूप में उन्होंने महिला थाना प्रभारी से मुलाकात कर महिलाओं को न्याय मिलने में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने एक हालिया मामले का जिक्र करते हुए बताया कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद आरोपी के सुनवाई में उपस्थित न होने के कारण मामला लंबित है और पीड़िता को अब तक न्याय नहीं मिल सका है। इस पर महिला थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि आरोपी पति को जल्द बुलाकर मामले का निष्पक्ष और शीघ्र समाधान किया जाएगा।























