स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जागरूकता रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों को सिखाए स्वच्छता के संस्कार
स्वच्छता की शपथ लेकर देश को स्वच्छ बनाने का लिया संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा प्रांगण में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. इला कुमार के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत स्वच्छता पखवाड़ा के छठे दिन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेविकाओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा कैंपस से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए बागुनहातु चौराहे तक पहुंची। इस दौरान छात्राओं ने स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। रैली के बाद बागुनहातु चौराहे पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छता के महत्व और गंदगी से होने वाली समस्याओं के बारे में लोगों को जानकारी दी गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोविंदपुर में जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने चलाया बृहद स्वच्छता अभियान
स्कूली बच्चों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे चरण में एनएसएस स्वयंसेविकाएं राजकीय सरना उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बागुनहातु पहुंचीं। यहां छात्राओं ने स्कूली बच्चों के सामने स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बच्चों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और गंदगी से होने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। स्वयंसेविकाओं ने बच्चों को बताया कि एक जिम्मेदार नागरिक और छात्र के रूप में वे किस प्रकार अपने घर, विद्यालय और मोहल्ले को स्वच्छ रखने में योगदान दे सकते हैं। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और स्वच्छता से जुड़ी कई जानकारियां प्राप्त कीं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पंचायत स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाने की मांग, दुखनी सोरेन ने सौंपा ज्ञापन
स्वच्छ भारत के संकल्प के साथ कार्यक्रम का हुआ समापन
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने गंदगी से फैलने वाली बीमारियों के बारे में अपने अनुभव साझा किए और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। इसके बाद सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे स्वयं स्वच्छ रहेंगे, अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाएंगे और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच टॉफी का वितरण किया गया। इस अभियान को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. सुधीर कुमार साहू, एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. ग्लोरिया पूर्ति, एनएसएस ऑफिसर डॉ. सुनीता कुमारी, गोपाल चक्रवर्ती और डॉ. ममता कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने स्वच्छ भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।























